बीकानेर। गर्मी के मौसम को देखते हुए एक अप्रेल से अस्पतालों एवं स्कूलों के समय में परिवर्तन हो जाएगा। वहीं आंगनबाड़ी केन्द्रों के समय में भी बदलाव किया गया। यह समय 30 सितंबर तक यथावत रहेगा। अस्पताल एवं आंगनबाड़ी केन्द्र एकल पारी में ही संचालित होते हैं। जबकि स्कूल दो पारी में संचालित किए जाते हैं। पीबीएम अस्पताल सहित सभी अस्पतालों के समय में बदलाव किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पीबीएम अस्पताल, जिला अस्पताल, गंगाशहर सेटेलाइट एवं उदासर स्थित अस्पताल का समय सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक रहेगा। जबकि रविवार तथा अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिन सुबह 9 बजे से 11 बजे दो घंटे अस्पताल खुलेंगे। यही समय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधीन आने वाली डिस्पेंसरियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी लागू होगा। रविवार तथा अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिन आउटडोर तो खुलेंगे, लेकिन लैब में किसी प्रकार के सैंपल नहीं लिए जाएंगे। गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केन्द्रों के समय में भी परिवर्तन किया गया है। एक अप्रेल से यह सुबह 8 बजे हर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। जबकि पूर्व में सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित था। यह समय 30 सितंबर तक यथावत रहेगा। स्कूलों के समय में भी परिवर्तन किया गया है। एकल पारी स्कूल का समय सुबह 7 बजे से दोपहर एक बजे तक और दो पारी स्कूल का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। प्रत्येक पारी साढ़े पांच घंटे की होगी। इसके बाद 16 मई से स्कूलों में ग्रीष्मावकाश शुरू हो जाएगा।