
हमारा बीकानेर। भैरू कुटिया के पास कुई में गाय गिरने से उसमें काम कर रहे एक श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बंगलानगर निवासी रामेश्वर लाल अपने भाई भगवानराम और बेटे राधेश्याम के साथ भैरू कुटिया के पास कुई खोदने गया था। वह कुई में उतर गया । उसका भाई और बेटा बाहर की खड़े थे। इसी दौरान तेजी से दौड़ती हुई एक गाय आई। उसे देख दोनों ही हड़बड़ा गए। गाय को कुई नजर नहीं आई और वह अंदर गिर पड़ी। नीचे काम कर रहा रामेश्वरलाल गाय के नीचे दब गया। भाई और बेटा यह देख बदहवास हो गए। मदद के लिए शोर मचाया तो आस-पास के लोग पहुंचे। पुलिस और निगम को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद जेसीबी मौके पर पहुंची। उसकी मदद से गाय और श्रमिक को बाहर निकाला गया। गाय सही सलामत थी, लेकिन श्रमिक की मौत हो चुकी थी। मृतक के एक भाई दीनाराम की रिपोर्ट पर नया शहर पुलिस ने मर्ग दर्ज की है।